डिफेंस एक्सपो के प्रति लोगों में विशेष उत्साह - सतीश महाना
लखनऊः 03 फरवरी, 2020
उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री श्री सतीश महाना ने आज डिफेंस एक्सपो के आयोजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य अतिथि सहित विशिष्ट अतिथियों के आगमन से लेकर एक्सपों के भ्रमण आदि के बारे में विस्तार से समीक्षा की। साथ ही आयोजन स्थल पर की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन भी किया। उन्होंने एक्सपों में बनाये गये यूपी पवेलियन को भी देखा।
श्री महाना ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहली बार आयोजित डिफेंस एक्सपो के प्रति लोगों में विशेष उत्साह है। देश और विदेश के रक्षा उत्पादन क्षेत्र से जुड़े उद्यमी इसमें शामिल हो रहे हैं और वे अभी से उत्तर प्रदेश में डिफेंस क्षेत्र मंे निवेश के प्रति भी इच्छुक हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निवेशकों के प्रति मैत्रीपूर्ण व्यवहार अपनाया जाय उन्हें उत्तर प्रदेश में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित भी किया जाय। प्रदेश के बुंदेलखण्ड सहित अन्य क्षेत्रों में रक्षा उत्पादन इकाइयों के विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। राज्य सरकार ने इन क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से इस एक्सपो का आयोजन किया।
निरीक्षण से पूर्व औद्योगिक विकास मंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह, सूचना एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीडा अवनीश कुमार अवस्थी ने मंत्री जी को अवगत कराया कि सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मंत्रियो, सांसदों, विधायकों एवं अन्य जन प्रतिनिधियों के साथ विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रण पत्र भेजा जा चुका है। टेंट सिटी को आवश्यक सुविधाओं से युक्त किया गया है, इसमें एटीएम, वाई-फाई आदि की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही सेल्फी प्वाइंट भी बनाये गये हैं। एक्सपो स्थल पर लोगों के आवागमन हेतु परिवहन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चैबंद बनाया गया है। इसके अतिरिक्त एक्सपो स्थल पर साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था रहेगी।
श्री अवस्थी ने यह भी बताया कि एक्सपो के व्यापक प्रचार-प्रसार का कार्य किया जा रहा है और जगह-जगह इसकी ब्रांडिंग भी कराई जा रही है। मीडिया को बेहतर कवरेज के लिए आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जायेगी। उन्होंने यह भी बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में होर्डिंग और एलईडी के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार का कार्य किया जा रहा है।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक टण्डन, प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास आलोक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।