मुख्यमंत्री ने जगद्गुरु रामानन्दाचार्य स्वामी हंसदेवाचार्य जी की एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया
लखनऊ: 22 फरवरी, 2019
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जगद्गुरु रामानन्दाचार्य स्वामी हंसदेवाचार्य जी की आज एक सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
आज यहां जारी अपने शोक सन्देश में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जगद्गुरु रामानन्दाचार्य स्वामी हंसदेवाचार्य जी के निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्वामी जी एक वरिष्ठ धर्माचार्य थे। उन्होंने विभिन्न आध्यात्मिक एवं धार्मिक दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। वे एक अत्यन्त लोकप्रिय संत थे और उनके लाखों अनुयायियों की उनमें अटूट आस्था थी। जगद्गुरु रामानन्दाचार्य स्वामी हंसदेवाचार्य जी के निधन से पूरा धर्म परिवार शोकाकुल है। पूज्य स्वामी जी के धार्मिक एवं आध्यात्मिक कृत्यों को धर्म परिवार के सभी सदस्यगण आगे बढ़ायेंगे।
मुख्यमंत्री जी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति की प्रार्थना करते हुये जगद्गुरु रामानन्दाचार्य स्वामी हंसदेवाचार्य जी के अनुयायियों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।